*उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026 : एक्शन मोड में प्रशासन; एसडीएम बड़कोट ने गुरुवार को यमुनोत्री ट्रैक मार्ग पर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम बड़कोट बृजेश तिवारी ने गुरुवार को विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ यमुनोत्री ट्रैक रूट का सघन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के सुगम और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखी जाए। यात्रा के दौरान देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी प्रकार की असुविधा ना हो और यहां से वे एक सुखद अनुभव लेकर लौटें।

इसी क्रम में एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान जानकी चट्टी से लेकर यमुनोत्री धाम तक पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। मार्ग में स्थित शौचालयों को तत्काल दुरुस्त कर सुचारू करने के निर्देश दिये तथा यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु जल संस्थान द्वारा जगह-जगह स्टैंड पोस्ट और भैरव मंदिर में लगाए आरओ सिस्टम की भी जांच की। घोड़े-खच्चरों के लिए रबाडा गेट, राम मंदिर और भंगेली गाड में सोलर वाटर हीटर से गर्म पानी की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए कुछ स्थानों पर सुलभ शौचालयों और मेडिकल रिस्पांडर कक्षों के दरवाजे क्षतिग्रस्त मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया यमुनोत्री मुख्य धाम में सिंचाई विभाग द्वारा 6 चेंजिंग रूम, घाटों का समतलीकरण और पूजा-पाठ के लिए लोहे की नई पुलिया का निर्माण कर लिया गया है, जिससे श्रद्धालु सुगम एवं सुरक्षित ढंग से दर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *