जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के आदेशों के अनुपालन में तथा सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा के निर्देशानुसार चारधाम यात्रा के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर निरीक्षण एवं जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत सिंह चौहान द्वारा यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर स्थित ब्रह्मखाल, बड़कोट, गंगगानी, खरादी एवं जानकीचट्टी बाजार क्षेत्र में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री के भंडारण, निर्माण एवं विक्रय संबंधी मानकों की जांच की गई। साथ ही व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अश्वनी सिंह ने बताया कि आज निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें आटा, दाल, खाद्य तेल, पनीर, दलिया सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल है। सभी नमूनों को जांच हेतु अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चारधाम यात्रा के सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन तथा यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाए रखने और उन्हें गुणवत्तायुक्त एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार निगरानी की जा रही है। इन प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।साथ ही इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण, निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।