*उत्तराखंड चारधाम यात्रा : नोडल अधिकारी गंगोत्री यात्रा मार्ग द्वारा हीना स्क्रीनिंग सेंटर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनेरी का किया गया औचक निरीक्षण*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

 

गंगोत्री यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी गंगोत्री यात्रा मार्ग डॉ. बी.एस. पांगती द्वारा हीना स्क्रीनिंग सेंटर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनेरी का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान हीना स्क्रीनिंग सेंटर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनेरी में समस्त स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित पाई गईं। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ अपने कार्यों का निर्वहन करते हुए उपस्थित मिला। यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया, जो संतोषजनक पाई गईं। नोडल अधिकारी द्वारा श्रद्धालुओं से भी वार्ता कर, स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती द्वारा समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने ड्यूटी स्थल पर निर्धारित समयानुसार उपस्थित रहकर पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *