*उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026 : उत्तरकाशी में आस्था का नया रिकॉर्ड, 44 दिनों में 9.52 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत् संवाद एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के कुशल मार्गदर्शन में जनपद में चारधाम यात्रा-2026 का संचालन सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग से लेकर गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम तक यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता के लिए किए गए व्यापक प्रबंधों की तीर्थयात्रियों द्वारा भी सराहना की जा रही है।

यात्रा के पहले 40 दिनों की तुलना में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में पहले 40 दिनों में कुल 8,18,546 श्रद्धालुओं ने गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष 2026 में इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 8,57,010 हो गई है। इस प्रकार 38,464 अधिक श्रद्धालुओं ने धामों के दर्शन किए हैं। वर्ष 2025 में यमुनोत्री धाम में 4,09,482 तथा गंगोत्री धाम में 4,09,064 श्रद्धालु पहुंचे थे। वहीं वर्ष 2026 में यमुनोत्री धाम में 4,24,115 तथा गंगोत्री धाम में 4,32,895 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो दोनों धामों में देश–विदेश से आने वाले श्रद्धालुओ की बढ़ती आस्था एवं प्रशासन द्वारा बेहतर यात्रा व्यवस्था को दर्शाता है।

वहीं यात्रा के 44वें दिन तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में गंगोत्री एवं यमुनोत्री धामों में कुल 9,52,841 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम में 4,67,641 तथा गंगोत्री धाम में 4,85,200 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में इसी अवधि तक कुल 9,01,904 श्रद्धालुओं ने दोनों धामों में दर्शन किए थे, जिनमें यमुनोत्री धाम में 4,49,495 तथा गंगोत्री धाम में 4,52,409 श्रद्धालु शामिल थे। इस प्रकार वर्ष 2026 में गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 50,937 अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र धामों में दर्शन किए हैं। श्रद्धालुओं की यह निरंतर बढ़ती संख्या भक्तों की गहरी आस्था, विश्वास एवं उत्साह को दर्शा रही है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था तथा सूचना सहायता केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। यात्रा मार्ग से लेकर दोनों धामों तक सभी व्यवस्थाएं सुचारू एवं दुरुस्त रखी गई हैं यात्रा के सरल एवं सुगम संचालन हेतु दोनों धामों में नोडल अधिकारियों के साथ सुपर नोडल अधिकारियों की भी तैनाती की गई है।तथा जनपद मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम से भी लगातार निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन चारधाम यात्रा के सुरक्षित, सुगम एवं सफल संचालन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *