जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
चारधाम यात्रा-2026 के दौरान श्री गंगोत्री एवं श्री यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह एवं आस्था निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही है। 19 अप्रैल 2026 से प्रारम्भ हुई यात्रा के प्रथम 47 दिनों (04 जून 2026 तक) में दोनों धामों में कुल 10,15,852 श्रद्धालुओं द्वारा सुरक्षित एवं सुगम दर्शन किए जा चुके हैं। यह संख्या गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.5 प्रतिशत अधिक है।
वर्ष 2025 में यात्रा के प्रथम 47 दिनों में 9,44,804 श्रद्धालुओं ने दोनों धामों की यात्रा की थी, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 10,15,852 हो गई है। इस प्रकार कुल 71,048 श्रद्धालुओं की वृद्धि दर्ज की गई है, जो यात्रियों की बढ़ती आस्था, विश्वास एवं उत्साह का परिचायक है।
चारधाम यात्रा 2026 के दौरान 47वें दिन तक श्री यमुनोत्री धाम में 4,98,367 श्रद्धालुओं जबकि श्री गंगोत्री धाम में 5,17,485 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस अवधि में दोनों धामों में कुल 99,165 यात्रा वाहनों का आवागमन हुआ, जिनमें 74,365 छोटे एवं 24,800 बड़े वाहन शामिल हैं।मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन एवं सतत संवाद” के संकल्प के अनुरूप तथा पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” के ध्येय के साथ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है। यात्रा मार्ग से लेकर धामों तक श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुदृढ़ यातायात प्रबंधन, प्रभावी आपदा प्रबंधन, सतत सुरक्षा निगरानी तथा सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से यात्रा पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इन व्यवस्थाओं की अनेक श्रद्धालुओं द्वारा खुलकर सराहना की जा रही है।
यात्रा संचालन को अधिक सरल एवं सुगम बनाने के लिए दोनों धामों को 02 सुपर जोन, 12 जोन एवं 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है तथा प्रत्येक गतिविधि व पल-पल की अपडेट ली जा रही है।उत्तरकाशी पुलिस चारधाम यात्रा-2026 के सुरक्षित, सुगम एवं सफल संचालन हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ निरन्तर कार्य कर रही है।