*उत्तरकाशी : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने गिनाईं केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रतिभाग करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया। कैबिनेट मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राज्य में अभूतपूर्व विकास कार्य संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘विकास उत्सव’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 12 से 14 जून तक सभी जिला मुख्यालयों में विकास प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही तथा ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा और उनकी सफलता की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने उत्तराखंड की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं राज्य के धार्मिक एवं पर्यटन विकास को नई दिशा दे रही हैं। इसके अतिरिक्त केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब के लिए स्वीकृत रोपवे परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी और पर्यटन को सशक्त बनाएंगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर का कार्य तेजी से प्रगति पर है तथा ऋषिकेश एम्स में देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की जा चुकी है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना, निर्यात तैयारी सूचकांक में अग्रणी राज्यों में शामिल होना।

इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, दर्जधारी राज्यमंत्री राम सुंदर नौटियाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, श्याम डोभाल, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, परशुराम जगुडी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *