*उत्तरकाशी : विधायक ने किया “स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का शुभारंभ, 18 अगस्त तक जनपदभर में आयोजित होंगे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

उत्तराखण्ड सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के क्रम में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जनपद उत्तरकाशी में “स्वास्थ्य सेवा सप्ताह” का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र सुरेश चौहान एवं ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी श्रीमती ममता पंवार द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक चिकित्सकीय जांच, दवाइयों का निःशुल्क वितरण, टीकाकरण, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह (डायबिटीज) की जांच, मुख, स्तन एवं गर्भाशय सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, किशोरियों एवं महिलाओं में एनीमिया की जांच एवं परामर्श, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा स्वैच्छिक रक्तदान सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि “स्वास्थ्य सेवा सप्ताह” के अंतर्गत 04 जुलाई से 18 अगस्त, 2026 तक जनपद के जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित तिथियों के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी व्यापक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आयोजित किए जाने वाले विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों की तिथि, स्थान एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी जनपद के समस्त क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा आमजन तक निरंतर पहुंचाई जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक समय पर शिविरों की जानकारी प्राप्त कर इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठा सके।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण, स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती ममता पंवार, जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट, अन्य जनप्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *