उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली गाड़ के निकट सोमवार को एक कैंटीन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से कैंटीन में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, कैंटीन में मौजूद कांवड़ यात्रियों और आसपास खड़े लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शी दिनेश राणा ने बताया कि पाली गाड़ निवासी अनेश राणा की कैंटीन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी कैंटीन को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास की अन्य दुकानों और भवनों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
स्थानीय निवासी राधेकृष्ण राणा ने प्रशासन से अग्निपीड़ित अनेश राणा को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आग से कैंटीन संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई के लिए सरकारी मदद आवश्यक है।