*उत्तरकाशी : जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद, अब तक 61 हजार से अधिक कावड़ यात्रियों का हो चुका है आगमन*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

पवित्र कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा गंगोत्री, यमुनोत्री एवं गोमुख मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात तथा जनसुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 30 जुलाई से शुरू हुई इस यात्रा में 9 अगस्त तक कुल 61884 कावड़ यात्रियों का आगमन हो चुका हैं। और कावड़ यात्री सकुशल जल भरकर अपने गंतव्य की और लौट रहे हैं।

9 अगस्त को 6479 कावड़ यात्री धाम पहुंचे, जिनमें 6172 पुरुष, 280 महिलाएं और 27 बच्चे शामिल रहे। प्रशासन द्वारा सभी संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गंगोत्री धाम में 9 अगस्त को 5563 कांवड़ियों ने दर्शन किए। वहीं यमुनोत्री धाम में 770 तथा दुर्गम गोमुख मार्ग पर 146 शिवभक्तों की आवाजाही दर्ज की गई। 9 अगस्त तक गंगोत्री में 55206, यमुनोत्री में 5171 एवं गोमुख हेतु 1507 श्रद्धालु प्रस्थान कर चुके हैं।

वाहनों के सुचारू संचालन और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पुलिस व परिवहन विभाग मुस्तैद है। रविवार को कुल 2501 वाहनों की आवाजाही हुई, जिसमें 2142 दोपहिया, 340 छोटे चारपहिया और 19 बड़े वाहन शामिल रहे। यात्रा की शुरुआत से अब तक कुल 16535 वाहन (13546 दुपहिया, 2365 छोटे एवं 624 बड़े वाहन) जिले की सीमाओं से होकर गुजरे हैं। पार्किंग और यातायात नियंत्रण की समुचित योजना से सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जा रही है।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कंट्रोल रूम के माध्यम से रिपोर्ट ली जा रही है। जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र 24*7 सक्रिय है और मौसम के बदलाव तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर त्वरित प्रतिक्रिया बल तैनात हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सेवा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *