जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर, सुगम एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय द्वारा दो दिवसीय स्थलीय भ्रमण कर यात्रा मार्ग पर स्थित विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य स्क्रीनिंग सेंटर हीना तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेताला, मनेरी, भटवाड़ी, गंगनानी, हर्षिल एवं गंगोत्री का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, चिकित्सा सेवाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्थाओं तथा रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उनके द्वारा अस्पताल में भर्ती रोगियों से मुलाकात कर उनका स्वास्थ्य हालचाल जाना तथा चिकित्सालय में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा उनकी संतुष्टता पर चर्चा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। यात्रा मार्ग पर स्थित सभी स्वास्थ्य इकाइयों को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को आवश्यकता के अनुरूप तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सतर्क एवं सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
*गंगोत्री में मंदिर समिति अध्यक्ष से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर की चर्चा*
स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री धर्मानंद सेमवाल से मुलाकात कर गंगोत्री धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं यात्रा अवधि में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए जाने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मंदिर समिति अध्यक्ष से अनुरोध किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोत्री के सामने वाहनों की पार्किंग न होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्था एवं सहयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय के मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग होने से एम्बुलेंस एवं अन्य वाहनों से आने वाले रोगियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आपातकालीन परिस्थितियों में रोगियों को बिना विलंब चिकित्सालय तक पहुंचाने के लिए अस्पताल के सामने का मार्ग निर्बाध एवं सुगम रहना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को समयबद्ध, सहज एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कुलबीर राणा, डॉ. मुकेश राय एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।