जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के तहत शनिवार 03 अक्टूबर 2026 को जनपद की अंतिम निर्वाचक नामावली का सफलतापूर्वक प्रकाशन कर दिया गया है। 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले के कुल 2,24,417 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के उपरांत अंतिम प्रकाशन में जनपद के कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2,25,050 हो गई है, जिसमें 1,17,314 पुरुष, 107,734 महिला और 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार विवरण के अनुसार 01-पुरोला (अ०जा०) में कुल 73,568 मतदाता (38,387 पुरुष, 35,180 महिला, 01 तृतीय लिंग), 02-यमुनोत्री में कुल 74,399 मतदाता (38,895 पुरुष, 35,504 महिला, 0 तृतीय लिंग) तथा 03-गंगोत्री में कुल 77,083 मतदाता (40,032 पुरुष, 37,050 महिला, 01 तृतीय लिंग) दर्ज हैं, जिन्हें मिलाकर जनपद में कुल 1,17,314 पुरुष, 1,07,734 महिला एवं 02 तृतीय लिंग सामान्य मतदाता शामिल हैं।
पुनरीक्षण अवधि (दावे एवं आपत्तियाँ दर्ज करने की समय-सीमा) के दौरान जनपद से फॉर्म-6 (नाम जोड़ने एवं स्थानांतरण हेतु) के कुल 1808 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1720 आवेदनों को स्वीकृत किया गया तथा 88 आवेदन निरस्त किए गए। इसी प्रकार फॉर्म-7 (नाम हटाने/आपत्तियों) के कुल 1,560 आवेदन प्राप्त हुए। संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु सभी अभिलेखों और डेटा का विधिवत मिलान व निस्तारण किया गया!
जनपद के कुल 558 पोलिंग स्टेशनों पर पुनरीक्षण से पूर्व मतदाताओं की कुल संख्या 2,42,822 थी। ‘Post-SIR Special Drive’ के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
सूची प्रकाशन के अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की विस्तृत जानकारी साझा की तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इस दौरान एडीएम मुक्ता मिश्र,सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा,बीएसपी से बुद्धि लाल,बीजेपी से जयचन्द,हरीश डंगवाल सहित अन्य वीसी के माध्यम से जुड़े।
जनपद स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जा जाएगी। इसके अतिरिक्त आम नागरिक एवं मतदाता अपना नाम तथा संबंधित विवरण देखने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट:- https://ceo.uk.gov.in या आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.inपर ऑनलाइन अवलोकन कर सकते हैं।