*उत्तरकाशी : भल्डगांव पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम — एक्सपर्ट कमेटी ने किया स्थलीय निरीक्षण*

 

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*चिन्यालीसौड़ /उत्तरकाशी*

टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित भल्डगांव के 35 परिवारों के पुनर्वास की दिशा में आज महत्वपूर्ण प्रगति हुई। विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की कमेटी ने भल्डगांव सहित चिन्यालीसौड़ क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर भूगर्भीय एवं भू-सुरक्षा संबंधी स्थितियों का अध्ययन किया।

चिन्यालीसौड़ विकासखंड परिसर में एक्सपर्ट कमेटी के साथ आयोजित बैठक में रामसुन्दर नौटियाल, उपाध्यक्ष, भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण (राज्यमंत्री), उत्तराखंड सरकार ने प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास के साथ क्षेत्र की अन्य गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और कमेटी को संबोधित किया।

विशेष रूप से हडियाड़ी के निकट हो रहे भूक्षरण तथा विकासखंड परिसर के नीचे जोगथ मोटर मार्ग से पीपल मंडी तक हो रहे भूक्षरण को रोकने और चिन्यालीसौड़ कस्बे की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा दीवार निर्माण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं को विशेषज्ञों के समक्ष प्रमुखता से रखा गया।

उल्लेखनीय है कि भल्डगांव के 35 परिवारों के पुनर्वास की मांग को लेकर चल रहा धरना गत माह 31वें दिन रामसुन्दर नौटियाल की पहल पर समाप्त हुआ था। उस समय पुनर्वास निदेशक एवं जिला प्रशासन की ओर से एक माह के भीतर एक्सपर्ट कमेटी द्वारा स्थलीय निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया गया था। उसी क्रम में आज विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

कमेटी में भूवैज्ञानिक, आई आई टी रुड़की के विशेषज्ञ, टी एच डी सी के अधिकारी एवं अन्य तकनीकी विशेषज्ञ शामिल रहे।

भल्डगांव के प्रभावित परिवारों का सुरक्षित पुनर्वास और चिन्यालीसौड़ क्षेत्र की भू-सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर ठोस एवं स्थायी समाधान के लिए हर स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी!इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी, बीजेपी के जिला संयोजक विशन कोटवाल, दिगपाल रमोला सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *