*आस्था पथ :: दस नवंबर को बंद होंगे विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

गंगोत्री धाम के कपाट आगामी 10 नवंबर को दोपहर 12 बजकर पांच मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। शारदीय नवरात्र के नवमी पर्व पर गंगोत्री मंदिर समिति ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कपाट बंद होने की तिथि और शुभ मुहूर्त निर्धारित किया। कपाट बंद होने के साथ ही गंगोत्री धाम में इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा। इसके बाद अगले छह माह तक श्रद्धालु मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल व सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि मंगलवार 10 नवंबर को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12-05 बजे गंगोत्री धाम के कपाट बंद किए जाएंगे. कपाट बंद होने की प्रक्रिया धार्मिक परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगी। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव के लिए रवाना होगी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *