– बेंगलुरु में ऑल इंडिया फायर सर्विस प्रोफेशनल स्पोर्ट्स मीट में शानदार प्रदर्शन, अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
बड़कोट (उत्तरकाशी)
भाटिया गांव की बेटी मीनाक्षी रावत ने राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद हौसलों और कड़ी मेहनत के दम पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बेंगलुरु में आयोजित द्वितीय ऑल इंडिया फायर सर्विस प्रोफेशनल स्पोर्ट्स मीट-2026 में मीनाक्षी ने 52 मंजिला स्टेयर रनिंग और 20 किलोग्राम वजन के साथ 52 मंजिला स्टेयर रनिंग दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद उनका चयन ऑस्ट्रेलिया में होने वाली आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
तहसील बड़कोट के भाटिया गांव निवासी गजेंद्र सिंह रावत की पुत्री मीनाक्षी रावत वर्तमान में फायर पुलिस सेलाकुई, देहरादून में तैनात हैं। 29 अक्टूबर को बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
नौगांव ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख प्रकाश असवाल ने बताया कि मीनाक्षी ने इससे पहले राजस्थान के उदयपुर में आयोजित ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की प्रतियोगिता में बैडमिंटन के एकल और युगल दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए थे। ड्यूटी के साथ खेल के प्रति उनकी लगन और निरंतर मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।
मीनाक्षी की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, जय हो ग्रुप बड़कोट और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों ने कहा कि मीनाक्षी की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। परिवारजनों ने भी उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया है।
