*तिलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित ‘रेड राइस लेडी’ स्वतंत्री बंधानी को मिला उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*नौगांव /उत्तरकाशी*

उत्तराखंड के पारंपरिक लाल धान (रेड राइस) को नई पहचान दिलाने तथा पहाड़ की कृषि विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली ‘रेड राइस लेडी’ स्वतंत्रि बंधानी को प्रतिष्ठित उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।

डिस्कवर उत्तराखंड 24 न्यूज़ चैनल की ओर से आयोजित ‘उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान समारोह’ में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक सेवा, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपने उल्लेखनीय योगदान से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाली हस्तियां शामिल रहीं।

स्वतंत्रि बंधानी लंबे समय से उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र के पारंपरिक लाल धान के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से पारंपरिक लाल चावल को नई पहचान मिली है। इसके साथ ही वे श्री अन्न, पारंपरिक बीज संरक्षण तथा पहाड़ की महिला किसानों को कृषि के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी निरंतर प्रयासरत हैं।

विशेष रूप से लाल धान की खेती से जुड़ी महिला किसानों को संगठित कर उन्हें उत्पादन, बीज संरक्षण और आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने का उनका प्रयास सराहनीय रहा है। स्थानीय कृषि उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने और पहाड़ की पारंपरिक खेती को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *