*उत्तरकाशी : जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ, 87,685 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा निर्देशन में आज जनपद उत्तरकाशी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों द्वारा बच्चों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाई गई। अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण तथा शारीरिक विकास को सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य बाल कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीमों एवं आरकेएसके काउंसलर द्वारा विद्यालयों में बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई, वहीं आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 87,685 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत जनपद के 1,222 विद्यालयों एवं 1,031 आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक कृमिनाशक दवा पहुंचाई जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि अभियान के निर्धारित दिवस पर जो बच्चे किसी कारणवश कृमिनाशक दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें आगामी 25 नवंबर को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कार्मिकों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *