*उत्तरकाशी : ढ़ोल -दमाऊ की ताल पर पारम्परिक भैलो नृत्य के साथ मनाया गया ईगास लोकपर्व*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

उत्तराखंड का पारंपरिक लोक पर्व ईगास (बूढ़ी दीपावली) जिले में हर्षोल्लास, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। दीपावली के ठीक ग्यारह दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन मनाए जाने वाले इस पर्व पर उत्तरकाशी में सांस्कृतिक विरासत की अनूठी छटा देखने को मिली। कार्यक्रम में लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर इस त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया।

रामलीला मैदान में ईगास पर्व पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण के रूप भैलो खेल रहा। लकड़ी और रस्सी से बनी मशालों को जलाकर ढोल-दमाऊं की पारंपरिक धुनों पर युवाओं और महिलाओं ने लोकगीतों के साथ भैलो नृत्य किया, जिसने सदियों पुरानी लोक परंपरा का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। ईगास पर्व न केवल पुरानी परंपराओं को सहेजने का संदेश देता है, बल्कि सामुदायिक एकजुटता, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करता है। पूरे जनपद में इगास पर्व का उल्लास छाया रहा। यह पर्व गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है।

कार्यक्रम में विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *