*उत्तरकाशी : वनस्पति विज्ञान की सहायक प्राध्यापक डॉ. आराधना को प्रतिष्ठित ‘टीचर ऑफ द ईयर पुरस्कार–2026’ से किया गया सम्मानित*

जयप्रकाश बहुगुणा 

उत्तरकाशी

रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के वनस्पति विज्ञान विभाग में कार्यरत सहायक प्राध्यापक डॉ. आराधना को शिक्षा, अनुसंधान, अकादमिक नवाचार एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘टीचर ऑफ द ईयर पुरस्कार–2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सातवें देहरादून अंतरराष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव–2026 के अंतर्गत आयोजित उच्च शिक्षा सम्मेलन में प्रदान किया गया।

इस समारोह का आयोजन दिव्य हिमगिरि, उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), ओएनजीसी लिमिटेड तथा सोसाइटी फॉर रिसर्च एंड डेवलपमेंट इन साइंस, टेक्नोलॉजी एंड एग्रीकल्चर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

डॉ. आराधना वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में शिक्षण एवं अनुसंधान के साथ-साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

डॉ. आराधना विद्यार्थियों को पादप ऊतक संवर्धन, आधुनिक कृषि तकनीकों, हाइड्रोपोनिक्स तथा जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं शोध गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

शैक्षणिक गतिविधियों के अतिरिक्त वे महाविद्यालय में विभिन्न प्रशासनिक, सह-पाठ्यक्रम एवं छात्र कल्याण संबंधी दायित्वों का भी सक्रियता से निर्वहन कर रही हैं। विद्यार्थियों की वैज्ञानिक एवं उद्यमशीलता संबंधी क्षमताओं को विकसित करने तथा स्थानीय संसाधनों के सतत उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में उनके प्रयास सराहनीय रहे हैं।

यह सम्मान उनके समर्पित शिक्षण, अनुसंधान के प्रति प्रतिबद्धता, नवाचारपरक दृष्टिकोण तथा समाजोपयोगी शैक्षणिक योगदान का प्रतिफल है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोo पंकज पंत, वनस्पति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ ऋचा बधानी तथा प्राध्यापक डॉ संजीव लाल, डॉ रीना, डॉ हेमलता, डॉ विनय तथा अन्य प्राध्यापकों नें उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *