उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
पुरोला
उपजिला अस्पताल पुरोला में कार्यरत रंवाई क्षेत्र के प्रसिद्ध साहित्यकार एवं फार्मासिस्ट महावीर सिंह राणा “रंवाल्टा” 37 वर्षों की राजकीय सेवा पूर्ण कर शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावुक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने महावीर रंवाल्टा के लंबे सेवाकाल और उनके साहित्यिक योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरसी आर्य, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज असवाल सहित वक्ताओं ने कहा कि महावीर रंवाल्टा ने उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड गठन के बाद तक स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाएं देते हुए ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ जनता की सेवा की।
वक्ताओं ने कहा कि राजकीय सेवा के साथ-साथ उन्होंने साहित्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहचान बनाई। विशेष रूप से रंवाल्टी भाषा के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान को सराहते हुए कहा गया कि उन्हें साहित्य क्षेत्र में कई सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विशेष सम्मान के साथ उन्हें उनके पैतृक गांव महरगांव तक विदा किया।
समारोह में डॉ. अर्पित, डॉ. कपिल तोमर, एलम पंवार, गुरु प्रसाद बिजल्वाण, डॉ. नीलम सेमवाल, उमा सेमवाल, सरोज बड़ोनी, ललिता नौटियाल, सरोज आर्य, सीमा पंवार, विवेक असवाल, भगत असवाल, मनवीर रावत, बद्री प्रसाद नौडियाल, लोकेश बड़ोनी सहित कई लोग उपस्थित रहे।