स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ होगा जन आंदोलन

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो

नौगांव (उत्तरकाशी) 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को एक दिवसीय जन आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन के माध्यम से सरकार और स्वास्थ्य विभाग का ध्यान क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।

यमुनाघाटी के लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव लंबे समय से बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। अस्पताल में एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड मशीन तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को उपचार के लिए देहरादून और अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता है।

आंदोलनकारियों ने बताया कि सोमवार को अस्पताल परिसर में शांतिपूर्ण जन आंदोलन आयोजित कर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भेजा जाएगा, जिसमें अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और संबंधित विभाग द्वारा समय रहते मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में व्यापक और उग्र आंदोलन चलाया जाएगा।

जन आंदोलन की तैयारियों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अनुज रावत, दीपक धीमान, बासुदेव डिमरी, अंकित रावत, आनंद परमार, रमेश इंदवाण, रामप्रसाद सेमवाल, विशाल राणा सहित कई लोगों ने बैठक कर रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि यमुनाघाटी के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के आंदोलन में शामिल होने की संभावना है। आंदोलन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और सरकार का ध्यान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली की ओर आकर्षित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *