तिलक चंद रमोला बने उद्योग व्यापार मंडल के यमुनाघाटी एवं उत्तरकाशी के सह प्रभारी

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
उत्तरकाशी

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तराखंड की प्रांतीय सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को हल्द्वानी में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और भावी रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान वरिष्ठ व्यापारी नेता तिलक चंद रमोला को यमुना घाटी एवं उत्तरकाशी क्षेत्र का सह प्रभारी नियुक्त किया गया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा (गोपेश्वर), कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद गोयल, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष एन.सी. तिवारी, पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश पंत, उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल (टिहरी), माधव प्रसाद सेमवाल (जोशीमठ) तथा राकेश कुमार डिमरी (कर्णप्रयाग) सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रांतीय सलाहकार समिति ने प्रदेश संगठन के सभी 19 जिलों में सह प्रभारी एवं उप मंडल प्रभारी नियुक्त करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। इसी क्रम में संगठन के सक्रिय एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता तिलक चंद रमोला को यमुना घाटी एवं उत्तरकाशी का सह प्रभारी बनाया गया।

तिलक चंद रमोला लंबे समय से व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी नियुक्ति से यमुना घाटी एवं उत्तरकाशी क्षेत्र के व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। व्यापारियों एवं संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ क्षेत्र के व्यापारियों को मिलेगा तथा संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

बैठक में विभिन्न जिलों में लंबित संगठनात्मक चुनाव जल्द कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके तहत काशीपुर, श्रीनगर, हल्द्वानी, हरिद्वार, नैनीताल, रुड़की, बाजपुर, गदरपुर और रुद्रपुर में चुनाव प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के लिए संबंधित इकाइयों को निर्देशित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *