*मौसम अपडेट : उत्तराखंड में गर्मी से राहत के आसार,28 से राज्य के पहाड़ी जनपदों में बारिस का अनुमान*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

देहरादून

उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू होने जा रहा है।

प्रदेश के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था। बीते 24 घंटों में रुड़की सबसे गर्म रहा, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं पंतनगर में 39.8 डिग्री और देहरादून में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि पहाड़ी जिलों में अब भी मौसम कुछ राहत भरा बना हुआ है और अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे है।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, 28 अप्रैल से पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है। इसके बाद 29 और 30 अप्रैल को पूरे प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

डॉ. तोमर ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में हीट वेव जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि हीट वेव तब घोषित की जाती है जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर हो और सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *