*किशोरों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेस अस्पताल में पीयर एजुकेटरों का हुआ भ्रमण,विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं व गतिविधियों से हुए परिचित*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो

श्रीनगर गढ़वाल

राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK), पौड़ी के अंतर्गत श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में किशोर-किशोरियों हेतु चयनित पीयर एजुकेटरों का एक्सपोज़र विजिट आयोजित किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य पीयर एजुकेटरों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से परिचित कराना तथा किशोर स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न सुविधाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
इस अवसर पर बाल रोग विभाग के एचओडी डॉ. सी.एम. शर्मा ने पीयर एजुकेटरों को संबोधित करते हुए कहा कि किशोरावस्था में संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पीयर एजुकेटरों को अपने-अपने क्षेत्रों में किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने हेतु प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की काउंसलर संगीता रयाल एवं मनमोहन सिंह द्वारा पीयर एजुकेटरों को बेस अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न विभागों जैसे ओपीडी, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, नेत्र रोग विभाग, ईएनटी, इमरजेंसी, बाल रोग विभाग, किशोर मित्र क्लिनिक (AFHC), नीकू वार्ड, गायनी विभाग आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा पीयर एजुकेटरों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच मशीनों जैसे बीपी मशीन, हीमोग्लोबिन जांच उपकरण, एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड बैंक, ब्लड कलेक्शन सेंटर एवं अन्य लैब जांच मशीनों की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया गया।
इस दौरान पीयर एजुकेटर राधिका, अभिषेक, राधिका कुमारी एवं रियांश को किशोरों से संबंधित प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं जैसे एनीमिया, पोषण की कमी, मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा स्वच्छता विषयों पर भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि वे अपने समुदाय में किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने हेतु कैसे प्रेरित कर सकते हैं एवं आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उचित स्वास्थ्य संस्थानों तक कैसे पहुँचाया जा सकता है।
यह एक्सपोज़र विजिट पीयर एजुकेटरों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई। इस प्रकार की गतिविधियाँ पीयर एजुकेटरों की क्षमता वृद्धि में सहायक होती हैं, जिससे वे भविष्य में अपने क्षेत्रों में किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू कर सकेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एमएसडब्ल्यू रुचि डोभाल काला, दीपक रावत, अमितकांत भट्ट, अभिषेक काला, स्वीकृति गैरोला, सपना सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *