जयप्रकाश बहुगुणा
*बड़कोट /उत्तरकाशी*
राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा सोमवार को विभागीय गतिविधियों के अंतर्गत भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य विभाग में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक गतिविधियों का संचालन करना तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है l विभाग द्वारा पोस्टर निर्माण एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमे सभी छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। सर्वप्रथम भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें पर्यावरणीय रसायन तथा इससे जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, अम्ल वर्षा और ओजोन परत क्षरण जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। इस प्रतियोगिता में ममलेश शाह ने प्रथम, दीपशिखा ने द्वितीय तथा खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके बाद पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मोनिका, द्वितीय स्थान शीतल शाह , तृतीया स्थान नेहा व अनुराग नौटियाल ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. संगीता रावत ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया । साथ ही उन्होंने छात्रों को मंच पर आकर आत्मविश्वास के साथ अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे स्तर पर किए गए प्रयास बड़े बदलाव ला सकते हैं और इसकी शुरुआत हमसे ही होती है। अंत में रसायन विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ लीलावती नितवाल ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया ।