जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने बरसाली क्षेत्र के गढ़ गांव एवं बाड़ागड्डी क्षेत्र के पोखरी गांव में आयोजित ध्याणी मिलन समारोहों में प्रतिभाग कर क्षेत्र की श्रद्धालु ध्याणियों से आत्मीय भेंट की तथा उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस अवसर पर सजवाण ने कहा कि ध्याणी मिलन समारोह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कारों, पारिवारिक रिश्तों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का एक सशक्त माध्यम है। विवाह के पश्चात दूर-दराज़ क्षेत्रों में बस चुकी बेटियां जब वर्षों बाद अपने मायके की मिट्टी, अपने गांव और बचपन की स्मृतियों से पुनः जुड़ती हैं, तो यह क्षण पूरे गांव और समाज के लिए भावनात्मक एवं आनंददायक बन जाता है। उनकी उपस्थिति से गांवों का वातावरण स्नेह, अपनत्व और पारिवारिक भावनाओं से सराबोर हो उठता है।
पोखरी गांव में उनके साथ अध्यक्ष जिला पंचायत रमेश चौहान भी बतौर अतिथि सम्मिलित रहे जहाँ उन्होंने कहा कि इन दिनों क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ध्याणी मिलन कार्यक्रमों का आयोजन प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ किया जा रहा है, जो हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित एवं सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन न केवल बेटियों और उनके मायके के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में पारिवारिक एकता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। सजवाण ने गढ़ एवं पोखरी गांव की सभी ध्याणियों को इस सुंदर पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी ध्याणियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार में सदैव प्रेम, सौहार्द, खुशहाली और संस्कारों की यह परंपरा निरंतर बनी रहे।
पोखरी गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिला पंचायत प्रतिनिधि देवेंद्र नाथ, अनिल रावत, राजेंद्र राणा ‘राजू’, क्षेत्र पंचायत सदस्य शंकर गुसाईं, शुभम मराठा, साजन कोहली, पूर्व सभासद बुद्धि सिंह राणा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकेंद्र थनवान, युवा नेता मनीष रावत, ग्राम प्रधान जितेन्द्र कैंतुरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती पूजा नेगी, कैप्टन लक्ष्मण सिंह नेगी, शिव सिंह कैंतुरा, शूरवीर नेगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु ध्याणियां एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।