उत्तराखंड Express ब्यूरो
टिहरी/भोपाल
उत्तराखंड के लिए मध्यप्रदेश के भोपाल से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है जहां गढ़वाल राइफल्स के जवान हवलदार विजय सिंह गुसाईं ट्रेनिंग के दौरान शहीद हो गए। इस दुखद खबर से जहां जवान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है वहीं प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार टिहरी जिले के नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के तहसील गजा के ग्राम कंडारी गांव ( पोखरी क्वीली) के निवासी 37 वर्षीय विजय सिंह गुसाईं वर्ष 2009 में गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे जो 7 गढ़वाल राइफल में हवलदार के पद पर तैनात थे और इन दिनों मध्यप्रदेश के भोपाल में अपनी तैनाती दे रहे थे। वहीं बीते 23 जून को ट्रेनिंग के दौरान लोहे का डमी बम विजय सिंह के सिर पर गिर गया जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सेना अस्पताल ले जाया गया जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया।