उत्तराखंड Express ब्यूरो
रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग में बस दुर्घटना की शुरुआती जांच में चालक सुमित की लापरवाही और वाहन में तकनीकी कमी दोनों की बात सामने आ रही है। चालक के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चालक सुमित को हेलीकॉप्टर से एम्स रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामले में वाहन चालक की लापरवाही सामने आई है। इसके साथ ही, यह भी माना जा रहा है कि वाहन में तकनीकी कमी भी दुर्घटना का एक कारण है। पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
हरिद्वार निवासी चालक सुमित कुमार के खिलाफ दूसरों का जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने, लापरवाही से मृत्यु का कारण बनाने और सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे के कारणों की पूरी जानकारी जुटाने के लिए घायलों से भी बातचीत की जाएगी।
घोलतीर में हुए हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया प्रारंभिक जांच में वाहन चालक की लापरवाही तथा संभावित तकनीकी खराबी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना), धारा 106 (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) और धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है।
हालांकि, घायल चालक सुमित का कहना है कि वह 20 किमी/घंटा की गति से वाहन चला रहा था और सभी यात्री भजन-कीर्तन गा रहे थे। उसने बताया कि विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक की टक्कर से उसके वाहन का स्टीयरिंग नीचे की तरफ हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।