जयप्रकाश बहुगुणा
बड़कोट/उत्तरकाशी
राजेन्द्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट (उत्तरकाशी) के गृह विज्ञान विभाग द्वारा विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर पोषण प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार तथा वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. अंजु भट्ट ने किया। मूल्यांकन का दायित्व श्रीमती संगीता रावत , डॉ. प्रश्ना मिश्रा, श्री आशीष नौटियाल एवं डॉ. लीलावती ने निभाया।
प्रदर्शनी में पाँच विशेष स्टॉल लगाए गए, जिनमें संतुलित आहार, पोषण तथा स्वास्थ्य संबंधी विविध जानकारियाँ प्रस्तुत की गईं। पारंपरिक अनाज एवं खाद्य पदार्थ ज़ोन में मोटे अनाज जैसे झंगोरा, मंडुवा, चीना आदि की पौष्टिकता एवं उनकी जलवायु अनुकूलता पर प्रकाश डाला गया। मॉडर्न न्यूट्रिशन ज़ोन में विद्यार्थियों ने संतुलित आहार और फूड पिरामिड मॉडल प्रस्तुत कर आधुनिक पोषण ज्ञान समझाया। हिडन हंगर ज़ोन में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी से उत्पन्न समस्याओं जैसे एनीमिया, थकान और मानसिक विकास की बाधाओं पर जानकारी दी गई।
विशेष आकर्षण रहा फूड लेबल अवेयरनेस ज़ोन, जहाँ विद्यार्थियों ने “शुगर बोर्ड” प्रस्तुत किया। इसमें विभिन्न शीतल पेयों और पैकेज्ड ड्रिंक्स में छिपी अतिरिक्त चीनी की मात्रा को चम्मचों के रूप में दर्शाया गया। यह स्पष्ट किया गया कि अधिक चीनी का सेवन मोटापा, डायबिटीज़, हृदय रोग, दांतों की समस्याएँ और बच्चों में अतिसक्रियता (Hyperactivity) जैसी कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है। साथ ही विद्यार्थियों ने फूड लेबल पढ़ने और स्वस्थ विकल्प चुनने की आदत विकसित करने पर जोर दिया।गेम ज़ोन ने प्रदर्शनी को और भी रोचक बना दिया, जहाँ विद्यार्थियों ने खाद्य पदार्थों को देखकर, सूंघकर या चखकर उनके पोषक तत्वों और फायदों की पहचान की।
मूल्यांकन के परिणामस्वरूप पारंपरिक अनाज एवं खाद्य पदार्थ ज़ोन को प्रथम, फूड लेबल अवेयरनेस ज़ोन को द्वितीय तथा हिडन हंगर ज़ोन को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर डॉ. श्रीकांत चौधरी, दिनेश शाह सहित सभी संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं सफल सिद्ध हुआ।