*उत्तरकाशी : समृद्ध लोककला एवं पारंपरिक शिल्प हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं : सुरेश चौहान*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड डुंडा अंतर्गत वीरपुर में शिल्पी ग्राम योजना के तहत आयोजित ऊनी वस्त्र प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर उनके पारंपरिक हुनर को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा स्थानीय संसाधनों के माध्यम से आजीविका के नए साधन विकसित करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य मातृशक्ति के कौशल को सशक्त बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनकी प्रतिभा को एक नई पहचान दिलाना है।

विधायक ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला एवं पारंपरिक शिल्प हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं। ऊन, बांस एवं रिंगाल जैसे स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के हुनर को रोजगार से जोड़ने, उनकी आय में वृद्धि करने तथा आत्मनिर्भर गांवों की संकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने तथा पारंपरिक हस्तशिल्प को नई संभावनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार की इन पहलों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीरा लाल शाह, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा विक्रम पंवार, मंडल अध्यक्ष बरसाली रजनीश चौहान, मंडल उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा , मंडल महामंत्री बरसाली भजन सिंह राणा, देशराज बिष्ट , अजय कुमाई, शशिकांत नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *