उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून:
उत्तराखण्ड कैडर के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। वर्तमान में वे पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पद पर कार्यरत हैं। यह चयन विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के बाद हुआ है।
लोकेश्वर सिंह ने पिछले 11 वर्षों में उत्तराखण्ड पुलिस में हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है। अब वे अपनी नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका में संस्थागत अखंडता, शांति स्थापना और सतत विकास जैसे वैश्विक लक्ष्यों को आगे बढ़ाएंगे। उनकी नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि भारत और उत्तराखण्ड दोनों के लिए गौरव का अवसर है।
राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय से अनुमोदन मिलने के बाद वे नई जिम्मेदारी संभालेंगे।