जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के दिशा-निर्देशों के क्रम में टी एस एल फाउंडेशन गुड़गांव द्वारा स्वास्थ्य विभाग उत्तरकाशी के सहयोग से आगामी दो माह तक जनपद के वाइब्रेंट विलेज, आपदाग्रस्त तथा दूरस्थ क्षेत्रों में आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस उद्देश्य हेतु टी एस एल फाउंडेशन द्वारा मोबाइल मेडिकल वैन के साथ चिकित्सा दल तैनात किया गया है, जो निर्धारित तिथियों पर विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत द्वारा जानकारी दी गई कि टी एस एल फाउंडेशन द्वारा पिछले सप्ताह संगमचट्टी क्षेत्र में निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई। इस सप्ताह मोबाइल मेडिकल वैन द्वारा भटवाड़ी क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज एवं आपदाग्रस्त क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं 09 दिसंबर धराली,10 दिसंबर को बगोरी एवं मुखवा,11 दिसंबर को झाला,12 दिसंबर को जसपुर तथा,13 दिसंबर को तिहार एवं सांगलाई में दी जाएगी !
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बताया गया टी एस एल फाउंडेशन का यह सहयोग जनपद के दुर्गम व आपदाग्रस्त क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, जिससे उन्हें अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।
इन कैंपों में स्थानीय जनमानस के लिए सामान्य रोग परामर्श, प्राथमिक उपचार, आवश्यक जांचें तथा निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) श्री हरदेव राणा एवं स्वास्थ्य विभाग का चिकित्सा दल उपस्थित रहा।