उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट
चारधाम यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने खरसाली स्थित रोपवे परियोजना क्षेत्र में अवैध पार्किंग संचालन और अनाधिकृत शुल्क वसूली पर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को को तत्काल प्रभाव से ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि श्री यमुनोत्री धाम में खरसाली-यमुनोत्री रोपवे परियोजना हेतु वर्ष 2013 में वन विभाग और यमुनोत्री प्रोजेक्ट्स कम्पनी प्रा.लि. के बीच निर्धारित नियमों एवं शर्तों के तहत पट्टा विलेख की कार्यवाही संपन्न हुई थी।
इसके बावजूद खरसाली स्थित रोपवे के एलटीपी क्षेत्र की भूमि पर कुछ स्थानीय व्यक्तियों और समूहों द्वारा अवैध रूप से पार्किंग का संचालन किया जा रहा है तथा वाहनों से अनाधिकृत पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। यह कार्य पट्टा विलेख और नियमों के विपरीत है, जिससे यात्रियों और पर्यटकों को असुविधा हो रही है तथा प्रशासन की छवि भी प्रभावित हो रही है।
आदेश में कहा गया है कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उक्त भूमि पर किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा अवैध पार्किंग शुल्क वसूली को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं और यात्रियों के वाहनों हेतु निःशुल्क एवं सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।