Crime news :  10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कार सीज

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

पौड़ी गढ़वाल

 

पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान UK12 V-4532 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान रजत नेगी (21), निवासी पौड़ी के कब्जे से 5.30 ग्राम तथा काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल (24), निवासी धारा रोड, पौड़ी के कब्जे से 5.03 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 10.33 ग्राम स्मैक मिलने पर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को देहरादून से कम कीमत पर खरीदकर अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें यह स्मैक किसने उपलब्ध कराई और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना देवप्रयाग में मु0अ0सं0 02/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। दोनों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *