*उत्तरकाशी : मानसून के बाद चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज: डीएम प्रशांत आर्य ने बैठक लेकर दिए कड़े निर्देश*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

मानसून सीजन की समाप्ति के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद है। श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के एनआईसी हॉल में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यात्रा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को फील्ड में जाकर उनके विभागों से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर दुरुस्त करने के निर्देश दिये।

गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को सक्रियता से कार्य करने को कहा। बीआरओ की सुस्त कार्यप्रणाली पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगोत्री यात्रा मार्ग के नगुण, रतूड़ीसेरा, बंदरकोट, चड़ेथी, लिमच्यागाड और पापड़गाड जैसे संवेदनशील स्थलों पर मलबा तुरंत हटाकर मार्ग खुला रखने की हिदायत दी। वहीं यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी, पालीगाड, सिलाईबैंड और औजारी में ईई एनएच को पर्याप्त मशीनरी और कार्यबल तैनात कर यात्रा सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिये।

दोनों धामों के मुख्य पड़ावों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जिला पंचायत और सुलभ इंटरनेशनल को विशेष निर्देश दिए। सुलभ को शौचालयों के टूटे दरवाजों की मरम्मत कराने तथा नियमित जल आपूर्ति और निरंतर साफ–सफाई सुनिश्चित करने को कहा। दोनों एजेंसियों को कचरा प्रबंधन का कार्य प्राथमिकता से करने हेतु निर्देशित किया तथा यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था के लिए उपजिलाधिकारी को निगरानी करने एवं किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिये।

यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चर और डंडी-कंडी व्यवस्था को मानक के अनुसार संचालित करने पर जोर देते हुए पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, वाटर हीटर, चरी तथा मयूल टास्क फोर्स को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सीवीओ और एएमए जिला पंचायत को एसडीएम बड़कोट तथा सीओ के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त निरीक्षण करने को कहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रा मार्गों के मुख्य पड़ावों पर हेल्थ चेकअप पॉइंट्स सुचारू रखने और पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की नियुक्ति करने के अलावा मेडिकल क्विक रिस्पांस टीम और आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून उपरांत चारधाम यात्रा में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद अनुभव प्रदान कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों को सुचारू बनाए रखने,पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और स्वच्छता बनाए रखने में किसी भी स्तर शिथिलता न बरती जाये। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि तीर्थयात्री एक सुगम आध्यात्मिक अनुभव लेकर लौटें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह सहित विभिन्न अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े एवं एडीएम मुक्ता मिश्र , एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीओ जनक पंवार, डीडीएमओ शार्दूल गुस्साई सहित अन्य अधिकारी वीसी हॉल में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *