उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट (उत्तरकाशी)
लोकगीतों की मधुर धुन, पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नुक्कड़ नाटकों के बीच बड़कोट आईटीआई का बहुउद्देशीय हॉल युवाओं की प्रतिभा का मंच बन गया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित नौगांव विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और रचनात्मकता से दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में जहां गढ़वाली लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली, वहीं नशा मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और विकसित भारत जैसे विषयों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
बड़कोट स्थित आईटीआई के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित एक दिवसीय युवा महोत्सव का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल और तहसीलदार रेनू सैनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में नौगांव विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों के 80 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान लोकनृत्य, लोकगीत और एकल गायन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। गढ़वाली लोकगीतों और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, नशा मुक्ति और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे विषयों पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटकों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। ‘मेरी कल्पना का विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला तथा ‘सोशल मीडिया : वरदान या अभिशाप’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को सही दिशा और मंच मिले तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी क्षमताएं पहचानने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। तहसीलदार रेनू सैनी ने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रुचि और प्रतिभा को निखारने तथा सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अतिथियों ने युवाओं को अपनी लोक एवं पारंपरिक संस्कृति से जुड़े रहने और नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने की भी सलाह दी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी नौगांव लोकेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवा महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नशा मुक्ति तथा स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना है। विकासखंड स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अब जिला स्तरीय युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रकाश चौहान, आजाद डिमरी, पृथ्वी पाल रावत, वीना डोभाल, नरेश रावत, हरीश रावत, प्यारो, सावित्री, चैन सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे।
