जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के निर्देशन एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कुलवीर राणा के मार्गदर्शन में बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी पीजी कॉलेज में एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत कॉलेज के छात्र-छात्राओं को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच, उपचार तथा एचआईवी/एड्स से संबंधित विभिन्न भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को एचआईवी की समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में भी बताया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव एवं सामाजिक उपेक्षा से बचने तथा एचआईवी/एड्स के संबंध में वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक जानकारी अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं से स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ समाज में भी एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में एमओटीसी अजय कुमार, आईसीटीसी काउंसलर अनिता भट्ट, डीपीसी अजय बिष्ट, रघुवीर कंडारी एवं एसटीआई साधना डिमरी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से संदेश दिया गया कि एचआईवी/एड्स के प्रति सही जानकारी ही बचाव की पहली सीढ़ी है। जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और एचआईवी से जुड़े भेदभाव को समाप्त करने में अपनी भूमिका निभाएं।