. महिलाएं व्रत रखेंगी, लेकिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रहेगी रोक, आपदा पीड़ितों की मदद के लिए जुटाएंगे सहयोग राशि
उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट (उत्तरकाशी)
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ एवं आपदा से हुई जनहानि पर दुख व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय गोरखाली समुदाय की बड़कोट इकाई ने इस वर्ष आयोजित होने वाले हरितालिका तीज महोत्सव 2026 को स्थगित करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को नगरपालिका बड़कोट में प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) दिनेश राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में पदाधिकारियों ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने और जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि तीज पर्व पर सभी परिवार परंपरानुसार व्रत रखेंगे, लेकिन इस अवसर पर किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य एवं गायन का आयोजन नहीं किया जाएगा। तीज महोत्सव को पूरी तरह स्थगित रखने पर सहमति बनी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 सितंबर को सभी परिवार नेपाल आपदा में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त करेंगे। साथ ही आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए समुदाय के परिवारों से सहयोग राशि एकत्र की जाएगी। पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से इस मानवीय पहल में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) दिनेश राणा, जिला युवा अध्यक्ष अमर राणा, नौगांव ब्लॉक अध्यक्ष टीकाराम, ब्लॉक अध्यक्ष विजयलक्ष्मी, ब्लॉक महासचिव हीरा देवी, कोषाध्यक्ष नैना देवी, प्रचार मंत्री सुनीता देवी, संगठन मंत्री तनूजा, मीडिया प्रभारी मन्नू (ममता), उपाध्यक्ष बिना देवी, सह सचिव सुनीता देवी, सलाहकार विमला देवी तथा बड़कोट नगर अध्यक्ष संतोषी, उपाध्यक्ष शांति देवी, कोषाध्यक्ष विमला देवी, महासचिव सपना मगर, संगठन सचिव मोनिका मगर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।