. फत्ते पर्वत क्षेत्र समेत हिमाचल प्रदेश से भी पहुंचे श्रद्धालु, परिवार और क्षेत्र की खुशहाली के लिए मांगी मन्नतें
उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
मोरी
विकासखंड मोरी के फत्ते पर्वत क्षेत्र के आराध्य देव शेडकुडिया महाराज का प्रसिद्ध जांगरा पर्व खनयासणी गांव में धार्मिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया। पर्व में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के साथ ही हिमाचल प्रदेश के डोडरा-क्वार क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और आराध्य देव के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
जांगरा पर्व में फत्ते पर्वत क्षेत्र के भितरी, दौणी, मसरी, सेवा, बरी, नूराणू, कलाप, खन्ना, देवल और खनयासणी समेत पचंगाई पट्टी के फिताड़ी, लिवाड़ी, कासला, रेकचा, राला, हरिपुर, धारा, सावणी, सटूड़ी, सूनकुड़ी, जखोल तथा अढोर क्षेत्र के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं सौड़, सांकरी, सिंदरी एवं बगाण क्षेत्र के लोगों के साथ हिमाचल प्रदेश के डोडरा-क्वार से पहुंचे श्रद्धालु भी पर्व में शामिल हुए।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने शेडकुडिया महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। जांगरा पर्व को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र धार्मिक उल्लास से सराबोर रहा।
पर्व में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, ब्लॉक प्रमुख रणदेव सिंह राणा, ज्येष्ठ प्रमुख सिंह राणा, चैन सिंह रावत, जगमोहन सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी सहभागिता की।