उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
चिन्यालीसौड़
कृषि विज्ञान केंद्र चिन्यालीसौड़ की ओर से उद्यान विभाग, उत्तरकाशी के सहयोग से पॉलीहाउस में सब्जी उत्पादन एवं उन्नत कृषि तकनीक विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद के छह विकासखंडों से पहुंचे 100 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य उद्यान अधिकारी उत्तरकाशी डॉ. ज्योति बाजेली तथा ब्लॉक प्रमुख रणवीर महंत ने किसानों को पॉलीहाउस तकनीक को अपनाकर सब्जी उत्पादन बढ़ाने और कृषि से आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान डॉ. गौरव पपनै के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. मनीषा आर्या, डॉ. आरएल मीना, सुश्री आकृति देवी, डॉ. शशिधर बीआर एवं डॉ. कौशल ने विभिन्न तकनीकी सत्रों का संचालन किया। विशेषज्ञों ने किसानों को पॉलीहाउस प्रबंधन, उन्नत सब्जी उत्पादन तकनीक तथा फसलों में रोग एवं कीट प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें पॉलीहाउस में अधिक उत्पादन एवं बेहतर गुणवत्ता वाली सब्जियां तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। समापन अवसर पर किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए सीखी गई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाकर कृषि आय बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।