– 11 देव डोलियों के आगमन के साथ संपन्न हुआ दो दिवसीय ऋषि पंचमी महोत्सव
उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट
विकासखंड नौगांव के थान गांव (ब्रह्मपुरी) स्थित श्री जमदग्नि ऋषि महाराज की पावन तपस्थली में आयोजित दो दिवसीय ऋषि पंचमी महोत्सव श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक देव संस्कृति के बीच संपन्न हुआ। महोत्सव में रवांई घाटी की करीब 11 देव डोलियों ने शिरकत की। देव डोलियों के आगमन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में पहुंचे।
महोत्सव का शुभारंभ गणपति पूजन एवं कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न देव डोलियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत कर पूजा-अर्चना की गई। ऋषि पंचमी के मुख्य आयोजन में मंगलवार को देव डोलियों की विधिवत पूजा के साथ हवन-पूजन, पूर्णाहुति, आरती और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान रासो नृत्य और देवडोली नृत्य ने रवांई की समृद्ध लोक संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
आयोजक मंडल के अमित डिमरी और सुशील डिमरी ने बताया कि थान गांव को स्थानीय मान्यता के अनुसार भगवान परशुराम के पिता महर्षि जमदग्नि की तपस्थली माना जाता है। यहां आयोजित ऋषि पंचमी महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की देव परंपरा, लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन गया है।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सनातन परंपराओं और लोक सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिलता है। महोत्सव में क्षेत्र के ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम में शांति प्रसाद, जयंती प्रसाद, अनुसूया प्रसाद, ग्राम प्रधान कनिका डिमरी, मुकेश, मनोज, आशीष, सुशील, प्रमोद, विपिन, कैलाश, अंश, सुरेश, पंकज आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।