मोरी में बोलेरो कैंपर खाई में गिरा, एक की मौत, 11 घायल

– एसडीआरएफ व पुलिस ने 200 मीटर गहरी खाई से 11 घायलों को किया सुरक्षित रेस्क्यू

मोरी (उत्तरकाशी) 

तहसील मोरी क्षेत्र में मंगलवार को एक बोलेरो कैंपर वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ व पुलिस टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर को थाना मोरी से एसडीआरएफ को उजली कन्याशनि नामक स्थान पर बोलेरो कैंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पोस्ट मोरी प्रभारी हेड कांस्टेबल जयप्रकाश रमोला के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ है और उसमें 12 लोग सवार थे। पुलिस व एसडीआरएफ ने संयुक्त रेस्क्यू टीम एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद 11 घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। एसडीआरएफ जवानों ने शव को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद एसडीआरएफ टीम वापस कैंप के लिए रवाना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *