उत्तरकाशी
नौगांव विकासखंड के कफनौल और ओडगांव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों का उच्चीकरण कर राजकीय इंटर कॉलेज बना दिया गया है। दोनों विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से इंटरमीडिएट की पढ़ाई शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गांव के नजदीक ही 12वीं तक की शिक्षा मिल सकेगी। खासकर कक्षा 10 के बाद दूर के विद्यालयों में जाने को मजबूर छात्राओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज कफनौल के उच्चीकरण के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल मौजूद रहे, जबकि शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने देहरादून से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कॉलेज का उद्घाटन किया और छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि कफनौल सहित आसपास के दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों को दसवीं के बाद पढ़ाई के लिए आठ से दस किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। इससे विशेषकर छात्राओं की शिक्षा प्रभावित होने की आशंका रहती थी। अब गांव में ही इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की संख्या में कमी आने के साथ ही पलायन पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना और पहाड़ी लोकनृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वर्चुअल संबोधन में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नए इंटर कॉलेजों में प्रवक्ताओं के रिक्त पदों को जल्द भरने की बात भी कही।
विधायक ने प्रदेश नेतृत्व और शिक्षा मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि पुरोला विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बर्नीगाड़ में महाविद्यालय को भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान कफनौल अनीता पंवार, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील शाह, नैन सिंह राणा, हिमरोल प्रधान जगदंबा देवी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, खंड शिक्षा अधिकारी सौरभ पांडेय, प्रधानाचार्य दिनेश बड़ोनी, शिवप्रसाद नौटियाल, भाजपा नेता सरदार सिंह राणा, प्रताप सिंह चौहान, सूरत सिंह पंवार, सुदेश बड़ोनी, देव बड़ोनी और चंद्रशेखर पंवार सहित अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
