*नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्त भारत की शपथ*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

कर्णप्रयाग

नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार, को डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में राष्ट्रव्यापी जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग कर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित भाषण एवं व्याख्यानमाला के माध्यम से छात्र-छात्राओं और समाज के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की नशा मुक्ति समिति के संयोजक रविंद्र सिंह नेगी सहित समिति के सभी सदस्य, समाज के गणमान्य व्यक्ति तथा चमोली के जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना और जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *