– मानदेय वृद्धि और राज्य सरकार से अंशदान की मांग, मंत्री ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
देहरादून।
योग अनुदेशक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के आयुष एवं आयुष शिक्षा, पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. मदन कौशिक से शिष्टाचार भेंट कर योग अनुदेशकों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने मंत्री के समक्ष प्रमुख रूप से योग अनुदेशकों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि किए जाने तथा राज्य सरकार की ओर से अंशदान उपलब्ध कराने की मांग रखी।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राममोहन रावत ने बताया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत कार्यरत योग अनुदेशक दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक योग को पहुंचाने तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर कार्य करना पड़ रहा है, जिससे उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है।
आयुष मंत्री डॉ. मदन कौशिक ने संगठन की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि योग अनुदेशकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के प्रयास किए जाएंगे तथा उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह रावत ने बताया कि इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष राममोहन रावत, सचिव राकेश रावत, कोषाध्यक्ष भारती अग्रवाल, नमिता बिष्ट, विजया, संदीप चौहान, नीरजा तिवारी, कुसुम नेगी, सीमा डंगवाल, वंदना बिष्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।