बर्नीगाड़ में मुख्यमंत्री ने दी 215 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

– मुख्यमंत्री धामी ने राजकीय महाविद्यालय का किया उद्घाटन, भवन निर्माण जल्द शुरू करने का ऐलान

बर्नीगाड़ (उत्तरकाशी)।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बर्नीगाड़ में आयोजित सेवा सेतु अभियान के तहत क्षेत्र को करीब 215 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का उद्घाटन करने के साथ ही महाविद्यालय के स्थायी भवन और परिसर का निर्माण जल्द शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की।

राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित करने के साथ ही विभागीय अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके लाभार्थियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

युवाओं को मिलेंगे उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महाविद्यालय के स्थायी भवन और परिसर का निर्माण जल्द शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 215 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क, संपर्क, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

महिला सशक्तीकरण और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उत्तराखंड में लखपति दीदी योजना के तहत 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और बेहतर व्यवस्थाएं सरकार की प्राथमिकता हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सरकार ने सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। वहीं, नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।

विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का बर्नीगाड़ आगमन पर आभार जताते हुए कहा कि करीब 215 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं और राजकीय महाविद्यालय के उद्घाटन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने डाडा गांव की छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की भी बात कही। इस संबंध में पूर्व में भी घोषणा की गई थी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *