नवरात्र में यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से कारोबारियों के चेहरों पर लौटी रौनक

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो

यमुनोत्री (उत्तरकाशी)

बारिश और श्राद्ध पक्ष के दौरान श्रद्धालुओं की घटती आवाजाही से मंद पड़े यमुनोत्री धाम यात्रा कारोबार में नवरात्र पर्व के साथ फिर तेजी आने लगी है। पिछले कुछ दिनों से तीर्थयात्रियों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी से चारधाम यात्रा से जुड़े स्थानीय कारोबारियों और लोगों के चेहरों पर रौनक लौटने लगी है।

श्राद्धों में जहां यमुनोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर रोज करीब दो हजार से कम आ गयी थी और अब इन दिनों यह संख्या तीन हजार के पार चल रही है। हालांकि इस दौरान श्रद्धालुओं की संख्या के मुकाबले कुलियों की अधिक उपलब्धता के चलते यात्रियों को निर्धारित दरों से कम पर भी सेवाएं मिल रही हैं।

यमुनोत्री धाम क्षेत्र में इन दिनों ठंड भी काफी बढ़ गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के साथ ही धाम क्षेत्र में दोपहर बाद रोजाना बारिश हो रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान मौसम के बदलते मिजाज और बढ़ती ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, पंच पंडा समिति के सचिव गिरीश उनियाल और रावल राहुल उनियाल का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से यात्रा से जुड़े लोगों को राहत मिली है। नवरात्र पर्व के दौरान यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी से स्थानीय स्तर पर यात्रा कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *