*उत्तरकाशी : निर्माणाधीन एआरटीओ भवन का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, कार्य पूर्ण न होने पर जताई कड़ी नाराजगी*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

शनिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने निर्माणाधीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय भवन परिसर का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण, ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक सहित विभिन्न कार्य समयसीमा के बावजूद पूर्ण न होने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परियोजना से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी के जिम्मेदार अधिकारियों कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक समेत कई महत्वपूर्ण कार्य अभी भी अधूरे हैं। इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सभी शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समयसीमा का उल्लंघन होने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जल्द ही परियोजना का हस्तांतरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही और शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय भवन परिसर एवं ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के पूर्ण होने से परिवहन विभाग की सेवाएं और अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम एवं जनहितकारी बनेंगी, इसलिए कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *