जयप्रकाश बहुगुणा
*बड़कोट/उत्तरकाशी*
उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा–2024 में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट कमिश्नर (जीएसटी) बनीं कंचन रावत ने बुधवार को अपने पुराने विद्यालय बाल शिक्षा सदन, बड़कोट पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। विद्यालय से पासआउट होने के बाद अधिकारी बनने पर यह उनका पहला आगमन था। उनके साथ माता-पिता भी मौजूद रहे, जिनका विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
कंचन रावत ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर अध्ययन ही किसी भी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों से बचपन से ही बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र व राज्य की सेवा के उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी तैयारी जारी रखते हुए भविष्य में देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने का प्रयास करेंगी।
कंचन के पिता एवं खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता की मजबूत नींव विद्यालय में ही रखी जाती है। उन्होंने बताया कि बाल शिक्षा सदन वर्ष 1985 से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है और यही कारण है कि यहां के अनेक छात्र-छात्राएं क्षेत्र, जनपद और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती ऊषा थपलियाल ने कंचन रावत एवं उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य कमेश शाह ने मिठाई वितरित कर विद्यालय परिवार की खुशी साझा की। वहीं विद्यालय व्यवस्थापक सुनील थपलियाल ने कंचन रावत को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में कंचन रावत से मिलने और उनकी सफलता की कहानी सुनने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, श्रीमती सुनीता रावत, प्रबंधक श्रीमती ऊषा थपलियाल, प्रधानाचार्य कमेश शाह, शिक्षक विजय कुमार, गीता बिष्ट, नीलम, मुस्कान, रश्मि, मुस्कान खान, रूसी देवी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।