लगातार बारिश से उफान पर नदी-नाले, नौगांव नगर पंचायत में फिर बढ़ा आपदा का खतरा

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
नौगांव

क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी नौगांव नगर पंचायत के अंतर्गत नौगांव खड्ड और देवलसारी खड्ड में जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। उफनाते खड्ड बीते वर्ष आई दैवीय आपदा के जख्मों को फिर ताजा कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष की आपदा में नगर पंचायत क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं कराए गए हैं। सभासद सुनील कोहली, रोहित रावत और लता नौटियाल ने कहा कि नगर पंचायत में दैवीय आपदा से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य नहीं होने के कारण लगातार बारिश के दौरान फिर से खतरे की स्थिति बन गई है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षा कार्य शुरू कराने की मांग की है।

वहीं, धारी-कफनौल क्षेत्र के बजलड़ी गांव में लोक निर्माण विभाग की सड़क का वर्षा का पानी किसानों के टमाटर के खेतों में घुस गया, जिससे फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय निवासी रमेश इंदवाण सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *