बड़कोट में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई 33 केवी विद्युत लाइन,  बड़कोट, पुरोला, मोरी सहित सम्पूर्ण रवांई घाटी की बिजली आपूर्ति ठप

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट

लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार दोपहर बाद तिलाड़ी रोड पर जल संस्थान की वाटर लिफ्टिंग योजना के समीप हुए भूस्खलन से ऊर्जा निगम की राज्यस्तर से बड़कोट आने वाली 33 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। लाइन क्षतिग्रस्त होने से बड़कोट, पुरोला और मोरी क्षेत्र सहित पूरी रवांई घाटी की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

घटनास्थल पर लगातार मलबा और पत्थर गिरने से जान-माल का खतरा बना हुआ है। ऐसे में ऊर्जा निगम की टीम फिलहाल क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत नहीं कर पा रही है। विभाग के अनुसार मौसम और भूस्खलन की स्थिति सामान्य होने के बाद ही मरम्मत कार्य शुरू किया जा सकेगा।

ऊर्जा निगम के एसडीओ अजय सेमवाल ने बताया कि लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मौके पर मरम्मत कार्य कराना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए मसूरी-नैनबाग की ओर से वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम अनुकूल होते ही क्षतिग्रस्त 33 केवी लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *